मुंबई | मुंबई महानगरपालिका के जी/नॉर्थ वॉर्ड में कार्यरत दो वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ लाचलुचपत प्रतिबंधक विभाग (ACB), मुंबई ने भ्रष्टाचार का गंभीर मामला दर्ज किया है। आरोप है कि अधिकारियों ने शिकायतकर्ता से ₹40,000 की रिश्वत की मांग की थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला भ्रष्टाचार प्रतिबंध अधिनियम 1988 की धारा 7 के अंतर्गत दर्ज किया गया है।
मामले में आरोपी बनाए गए अधिकारियों के नाम इस प्रकार हैं:
श्रीमती कविता निलेश धनवडे (उम्र 46 वर्ष) – सहायक अभियंता, जी/नॉर्थ वॉर्ड, BMC
श्री सय्यद शमशुद्दीन इमाम – वरिष्ठ अभियंता, जी/नॉर्थ वॉर्ड, BMC
शिकायतकर्ता द्वारा ACB से संपर्क किए जाने के बाद, विभाग ने गोपनीय जांच की। जांच के दौरान यह पुष्टि हुई कि संबंधित अधिकारियों द्वारा शिकायतकर्ता के कार्य को आगे बढ़ाने के बदले ₹40,000 की अवैध मांग की गई थी। इसके पश्चात ACB ने आवश्यक साक्ष्य जुटाकर दिनांक 03/02/2026 को औपचारिक रूप से मामला दर्ज किया।
ACB अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में आगे की जांच जारी है और दोष सिद्ध होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लाचलुचपत प्रतिबंधक विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी सरकारी कार्यालय में रिश्वत की मांग की जाती है, तो वे बिना भय ACB से संपर्क करें।