ठाणे शहर के शिलफाटा क्षेत्र में एक युवक और उसके भाई पर चाकू और हाथ-पैर से हमला करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में डायघर पुलिस स्टेशन में चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खान कंपाउंड परिसर, शिलफाटा निवासी मोहम्मद हारून उस्मान शेख (21) ने शिकायत दर्ज कराई है कि 8 मार्च 2026 की रात करीब 10 बजे वह अपने घर जा रहा था।
इसी दौरान कसवा प्लाजा बिल्डिंग के पास आरोपी अख्तर और उसके साथी मौजूद थे। बातचीत के बहाने उसे एम.एस. कंपाउंड के माहिनूर बिल्डिंग के पास बुलाया गया।
वहां पहुंचते ही आरोपियों ने उससे पूछा कि उसने पुलिस में शिकायत क्यों की। इसके बाद आरोपी अख्तर ने उसे थप्पड़ मारा और सलमान, समीर तथा मूसा ने मिलकर हाथ-पैर से मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि अख्तर ने अपने पास मौजूद चाकू की मूठ से उसके सिर पर दो बार वार किया, जिससे उसके सिर में चोट लगी और खून बहने लगा।
इसी दौरान पीड़ित का भाई मोहम्मद अदनान वहां पहुंचा और पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया। यह देखकर आरोपियों ने उसके भाई पर भी चाकू से हमला कर दिया और मारपीट की।
घटना के बाद दोनों घायलों को पहले क्वीन्स हॉस्पिटल, कल्याण फाटा और बाद में आगे के उपचार के लिए छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल, कलवा में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 118(1), 115(2), 352 और 3(5) के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक नागेश सोमणाथ शिरस्कार कर रहे हैं।